सोमवार, 17 दिसंबर 2018

समाज को ऐसे कई ' विजय ' की ज़रुरत है!

16 दिसम्बर 2012 की रात को भला कोई कैसे भूल सकता है,क्योंकि उस रात निर्भया के साथ दरिन्दों ने जो किया, वो अब भी हर रोज़ किसी ना किसी रूप में किसी और निर्भया के साथ हो रहा है। निर्भया दरिन्दगी की शिकार तब हुई थी,जब उस आधी रात को एक अॉटो वाले ने उसकी मदद करने से मना कर दिया था, लेकिन निर्भया काण्ड के ठीक 6 साल से एक दिन पहले यानि 15 दिसम्बर को अॉटो चालक परम चन्द और उनके बेटे विजय की एक ज़िम्मेदार नागरिक होने की सोच ने एक सम्भावित घटना को घटने से बचा लिया। बकौल परम चन्द एक स्कूली छात्रा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उनके अॉटो के पास आई। और बोली की उसको मन्दिर घूमना है। परम चन्द लड़की को छत्तरपुर मन्दिर ले गये। वहाँ के बाद लड़की को इण्डिया गेट, पार्लियामेट हाउस, राष्ट्रपति भवन वगैरह-वगैरह घुमाया। फिर लड़की ने कहा कि उसे भूख लगी है,किसी होटल में खाना खाना है। बंगाली मार्केट के एक होटल में खाना खाने के बाद लड़की थोड़ी दूर चलने के बाद अॉटो से उतर जाती है। फिर परम चन्द ने पूछा कि यहाँ क्या काम है? कहाँ जाना है? रात हो जाएगी,फिर क्या करोगी? फिर लड़की ने मण्डी हाउस पर उतारने को कहा। लड़की को मण्डी हाउस छोड़कर परम चन्द अपने घर चले गए। देर रात परम चन्द अपने घर पहुँचकर बेटे विजय को सारी बात बताई।
पिता की बात सुनकर विजय ने कहा कि आपको ऐसे लड़की को अकेले छोड़कर नहीं आना चाहिए था। आपने ग़लत किया है। चलिए चलकर उस लड़की को ढूंढते हैं। रात के 9 बजे विजय अपने पिता के साथ उस लड़की को ढूंढने निकल जाता है। काफ़ी मशक्कत के बाद लड़की अकेले बैठी नज़र आ जाती है। फिर दोनों लड़की के पास पहुँचकर काफ़ी देर तक बातचीत करते हैं। बातचीत के बाद विजय इस बात को लेकर आश्वस्त हो जाता है कि लड़की घर से भागी हुई है और घर से परेशान है। फिर विजय 100 नम्बर पर कॉल करके पुलिस को सूचित करता है। जिसके बाद पुलिस आकर उस लड़की को ले जाती है। काउंसलिंग में पता चला है कि लड़की प्रतापगढ़,यूपी से भागकर आई है और किसी बात को लेकर अपने परिवार से नाराज़ है। फिर पुलिस उसके परिवार वाले को सूचित कर देती है।
पेशे से होमगार्ड का जवान विजय का मानना है कि अगर हम अपने आप को अवेयर नहीं करेंगे, एक्टिव नहीं रहेंगे। लड़कियों के लिए लापरवाही बरतेंगे तो कभी भी कोई घटना घट सकती है। इसलिए एक नागरिक होने के नाते हम सब की ज़िम्मेदारी है कि हम अपनी ज़िम्मेदारियों को समझे।
काश! विजय की सोच हर नागरिक में समा जाता,तो हर 12 मिनट पर एक महिला के साथ बलात्कार नहीं होता है। केन्द्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के साल 2016 के आंकड़ों के अनुसार महिलाओं से बलात्कार की घटनाओं में पिछले साल के मुक़ाबले 12% का इज़ाफा हुआ है। इसके अलावा अन्य हिंसाओं में 3% का इज़ाफा हुआ है। ये आंकड़ा साल दर साल बढ़ता जा रहा है। साल 2015 में रेप की 34,651 शिकायतें दर्ज हुई थी,जबकि साल 2016 में 38,947 शिकायतें दर्ज हुई। देश की राजधानी दिल्ली एक शहर और एक राज्य के रूप में रेप की घटनाओं में शीर्ष पर काबिज़ है। एक शहर के रूप में दिल्ली में साल 2016 में महिलाओं के प्रति 13803 घटनाएं हुआ,जिसमें से रेप की 1996 घटनाएं घटी,जबकि एक राज्य के रुप में महिलाओं के प्रति 19169 घटनाएँ घटी,जिसमें से रेप की 2155 घटनाएँ घटी है।

शुक्रवार, 7 दिसंबर 2018

किसानों का कौन?


हाल ही में देशभर के किसान अपनी माँगों को लेकर दिल्ली में इस उम्मीद से इकट्ठा हुए कि उनकी माँगों को केन्द्र सरकार द्वारा मान लिया जाएगा। लेकिन हुआ वही जो हर बार होता है। किसानों को वापस लौटना पड़ा और उनकी समस्याओं पर चर्चा बन्द हो गई।वो सारे नेता जो किसानों की रैली में हाथ से हाथ जोड़कर फ़ोटो खिंचवाये थें। उनमें से कुछ चुनाव प्रचार में व्यस्त हो गए और कुछ इस उम्मीद में अपने राज्य को लौट गए कि फिर फ़ोटो खिंचवाने का मौका तो आएगा ही।

इस बार किसानों की रैली हर बार की तरह नहीं थी। पहले किसानों की माँग होती थी कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू किया जाए,लेकिन इस बार किसानों की माँग थी कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट पर संसद में बहस हो। जिसमें सिर्फ़ किसानों के क़र्ज या फसल की कीमतों पर ही नहीं,बल्कि समूचे कृषि संकट पर बात हो। साथ ही ऑल इण्डिया किसान संघर्ष समिति द्वारा क़र्जा मुक्ति बिल और एमएसपी का बिल ड्राफ़्ट किया गया था। जिस पर बहस के लिए संसद का कम से कम तीन हफ़्ते का स्पेशल सेशन हो। अब हम सबको उस दिन का इन्तज़ार करना चाहिए कि कब कृषि की समस्याओं पर बहस के लिए संसद का स्पेशल सेशन बुलाया जा रहा है।
किसानों की समस्या वाकई जटिल है,जो एक दिन या एक साल में तो नहीं जाएगा। लेकिन विपक्षी दलों के नेताओं के भाषण सुनने के बाद ऐसा लगता है कि क़र्ज माफ़ी और स्वामीनाथन आयोग के रिपोर्ट में जो एमएसपी तय करने की प्रक्रिया बताई गई है,को लागू कर देने से सारी समस्याओं का निदान हो जाएगा। 30 नवम्बर 2018 के दिन जब किसानों की रैली में राहुल गाँधी,अरविन्द केजरीवाल,सीताराम येचुरी,शरद यादव,फ़ारुक़ अब्दुल्लाह वग़ैरह-वग़ैरह फ़ोटो सेशन से पहले किसानों की क़र्ज माफ़ी को किसानों की समस्या का समाधान बता रहे थें,उसी दिन प्रोफ़ेसर स्वामीनाथन ने अपनी वेबसाइट पर लिखा कि I only feel sorry that in the election politics solutions like loan waiver are given importance. The basic difficulties of farmers can be overcome only if integrated attention is given to pricing, procurement and public distribution. Compounding the difficulties of today,farmers are facing serious problems from climate change. क्या आपने कभी किसी नेता को बदले मौसम से किसानों को होने वाली समस्याओं पर बात करते सुना है? क्यों सुख़ाग्रस्त इलाक़ों से किसानों के द्वारा जल संचय की प्रक्रिया अपनाने की बड़े पैमाने पर कोई तस्वीरें सामने नहीं आती है? सुखाग्रस्त इलाक़ों के किसानों को भी सोचना पड़ेगा कि उनके इलाक़े में पानी का जलस्तर कैसे बढ़ेगा?
मोदी सरकार ने किसानों की क़र्ज माफ़ी और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट में  एमएसपी तय करने की प्रक्रिया पर अपना रुख़ पहले ही साफ़ कर दिया है। साल 2015 में सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दाख़िल करके कह दिया था कि लागत पर 50 प्रतिशत अधिक नहीं दिया जा सकता,क्योंकि ये बाज़ार ख़राब कर देगा। Indiatvpaisa.com पर 20 जून 2017 को ही छपा है कि जब पंजाब सरकार ने 10 लाख़ किसानों के क़र्ज माफ़ किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। तब केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने साफ़-साफ़ कह दिया था कि केन्द्र सरकार किसानों के क़र्ज माफ़ किए जाने के प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है। इससे पहले जब महाराष्ट्र और यूपी सरकार ने भी किसानों की क़र्ज माफ़ी का एलान किया था, तब 12 जून को भी वित्त मंत्री ने कह दिया था कि केन्द्र राज्यों को क़र्ज माफ़ी के लिए सहायना नहीं देगा और अगर वे ऋण माफ़ करते हैं तो उसके लिए धन की व्यवस्था उन्हें अपने कोष से करनी पड़ेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी हर राज्य के चुनावी भाषण में कह रहें है कि अगर कांग्रेस की सरकार बनी तो 10 दिनों के भीतर किसानो का क़र्ज माफ़ करेंगे। लेकिन वर्तमान में जिस राज्य में उनकी सरकार है,वहाँ क्या हालत ये जानना ज़रूरी है। 17 मई 2018 के एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़ 24 घंटे के भीतर पंजाब के भठिंडा ज़िले के अलग-अलग गाँवों के 5 किसानों ने क़र्ज की वजह से आत्महत्या कर ली और किसी भी मृतक परिवार से मिलने पंजाब का एक भी मंत्री नहीं गया। पंजाब में ही गन्ना किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। 05 नवम्बर 2018 की रिपोर्ट है कि कर्नाटक में किसानों द्वारा क़र्ज चुकाने में देरी की वजह से बैंकों द्वारा अरेस्ट वारंट भेजा जा रहा है। जिसको लेकर किसान गुस्से में हैं और विधानसभा को घेरने की धमकी भी दिए हैं।
स्वामीनाथन आयोग ने यूपीए-1 के कार्यकाल में चार रिपोर्ट क्रमश: दिसम्बर 2004,अगस्त 2005,दिसम्बर 2005 और अप्रैल 2006 में सौंप दिए थें। अक्टूबर 2006 में अन्तिम और पांचवे रिपोर्ट को सौंपते वक़्त कहा था कि यदि 11 वर्षीय प्लान के साथ काम किया गया तो कृषि में जल्दी और अच्छी विकास होगी। लेकिन कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में किसानों के लिए क्या किया कौन नहीं जानता है।

भारत की राज-व्यवस्था

- भारत के संविधान को बनने में 2 वर्ष 11 माह और 18 दिन लगे थे। -1600 ईस्वी में ईस्ट इंडिया कंपनी का भारत में आगमन हुआ। - महारानी एलिजाबेथ प्र...